बिहार ब्रेकिंग

ग्रामीण विकास मंत्री सह हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने कहा कि भारतीय हॉकी अपने स्वर्णिम इतिहास की ओर तेजी से अग्रसर है। पिछले कुछ वर्षों में भारतीय हॉकी में व्यापक बदलाव देखने को मिला है। बेहतर फिटनेस, आधुनिक प्रशिक्षण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अंतरराष्ट्रीय अनुभव, मजबूत घरेलू प्रतियोगिताओं और युवा प्रतिभाओं को अवसर मिलने से भारतीय हॉकी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।
उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक-2024 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम द्वारा लगातार दूसरी बार कांस्य पदक हासिल करना तथा वर्ष 2025 में राजगीर में आयोजित एशिया कप में खिताब जीतना इस बदलाव की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों का फाइनल में पहुंचना देश में हॉकी की बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत का प्रमाण है।
ग्रामीण विकास मंत्री ने विशेष रूप से महिला हॉकी में आए बदलाव को उत्साहजनक बताया। उन्होंने कहा कि अब देश के छोटे शहरों और गांवों से निकलने वाली प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के अवसर मिल रहे हैं। इससे हॉकी का दायरा लगातार व्यापक हो रहा है और नई प्रतिभाएं खेल के क्षेत्र में आगे आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी की मौजूदा उपलब्धियां केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह भारतीय हॉकी के पुनर्जागरण की यात्रा है। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संगठनों के सामूहिक प्रयास से भारतीय हॉकी को और मजबूत आधार मिल रहा है। हॉकी टीमों के एशियाई खेलों के फाइनल में पहुंचने पर हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने भारतीय महिला एवं पुरुष हॉकी टीम को हार्दिक बधाई दी और स्वर्णिम सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।


