August 17, 2026

Blog

लखीसराय: बड़ी खबर लखीसराय के अशोकधाम से है जहां भगदड़ की वजह से कई लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों लोग जख्मी हैं। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सावन की सोमवारी की वजह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। इस बीच एक ईएमयू पैसेंजर ट्रेन के आने के बाद भीड़ और बढ़ है और प्रशासन के द्वारा लगाया गया बैरिकेडिंग टूट गया जिसकी वजह से भगदड़ की स्थिति हो गई।

बताया जा रहा है कि अशोक धाम मंदिर के प्रांगण से कुछ ही दूरी पर करंट लगने से भगदड़ मची थी। जानकारी के अनुसार भगदड़ में दर्जनों से अधिक लोग घायल हो गए और सात लोगों की मौके पर मौत हो गई। हालांकि अभी मृतकों की संख्या की पुष्टि जिला प्रशासन ने नहीं की है जबकि शव और जख्मियों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, भाजपा के अध्यक्ष दीपक कुमार सहित कई संगठन के लोग मौजूद है।

डीएम ने बताया घटना का कारण

घटना को लेकर डीएम ने बताया कि डीएम ने बताया कि अशोक धाम हॉल्ट पर दोनों ओर से ट्रेन आ गई। ट्रेन को देखकर कुछ युवकों ने अचानक भाग-दौड़ शुरू कर दी। युवकों की भाग-दौड़ के कारण वहां मौजूद बिजली का एक पोल नीचे गिर गया। पोल गिरते ही मौके पर करंट फैलने की अफवाह उड़ गई। उस समय बिजली आपूर्ति वास्तव में बंद थी और तार कवर किया हुआ था, लेकिन अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। अफवाह सुनते ही भीड़ में भगदड़ मच गई। इसी अफरा-तफरी में दबने से आठ महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।

सीएम ने जताया दुःख, की अनुग्रह राशि की घोषणा

लखीसराय में हुई इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स के जरिए पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि ‘लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’ इसके साथ ही सीएम सम्राट ने मृतक के परिवार को चार लाख रुपए अनुग्रह राशि दिए जाने की भी घोषणा की है।

                         

IMG-20230412-WA0009