मुंबई: देश की जानी मानी दिग्गज गायिका आशा भोसले अब नहीं रहीं। अचानक तबियत बिगड़ने के बाद मुंबई के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। आशा भोसले 92 वर्ष की थी और पिछ्ले कई महीनों से बीमार चल रही थी। आशा भोसले के निधन की पुष्टि उनके बेटे आनंद भोसले ने की।

मशहूर गायिका आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने एक निजी न्यूज एजेंसी को बताया कि मां का मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर मुंबई के लोअर परेल इलाके के कासा ग्रांडे स्थित आवास पर कल 11 बजे से अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। अंतिम संस्कार कल शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।
बता दें कि आशा भोसले का करियर बॉलीवुड में शानदार रहा और उन्होंने अपनी गायिकी से अपनी पहचान बनाई थी। दशकों तक उन्होंने भारतीय सिनेमा में गायिकी के क्षेत्र में दबदबा बनाए रखा और अपनी अमिट छाप छोड़ी। 1933 में जन्मी आशा महज 9 वर्ष की उम्र से ही गाना शुरू कर दिया था। 1943 में उन्होंने अपना पहला गाना रिकॉर्ड किया था और 1950 आते आते उन्होंने भारतीय सिनेमा में अपनी अच्छी पहचान बना ली थी।
सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान से नवाजी गईं आशा भोसले को 2000 में देश के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म सम्मान दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जबकि 2008 में उन्हें पद्म विभूषण दिया गया था। उन्हें दो बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला। उन्हें फिल्म उमरान जान के गीत “दिल चीज क्या है” और फिल्म इजाजत के गीत “मेरा कुछ सामान” के लिए बेस्ट प्लेबैक सिंगर का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मफेयर और अन्य लोकप्रिय पुरस्कार भी अपने नाम किए।


